Durgapur में चुनाव आयोग की टीम पर हमला करने के मामले में 3 गिरफ्तार, कोर्ट में पेशी

दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन करवाने निकली चुनाव आयोग की टीम पर हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सरकारी दीवारों पर किए गए राजनीतिक लेखन को मिटाने गए चुनाव कर्मियों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करने के आरोप में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कोकओवन थाना की पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को तीनों आरोपियों को दुर्गापुर अनुमंडल अदालत में पेश किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रसेनजीत महारानी उर्फ बापन, नंदलाल कुमार साव उर्फ टिंकू और रवि पासवान के रूप में हुई है। ये तीनों ही दुर्गापुर नगर निगम के वार्ड संख्या 30 के निवासी बताए जा रहे हैं। 


पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना उस समय घटी जब चुनाव आयोग के कर्मी सरकारी संपत्ति और दीवारों से राजनीतिक दलों के विज्ञापनों एवं दीवार लेखन को हटाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय युवकों और कथित रूप से तृणमूल कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें कार्य करने से रोका। विवाद बढ़ने पर मामला मारपीट तक जा पहुंचा, जिसमें दो चुनाव कर्मी घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और पीड़ितों की शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त तीनों आरोपियों को धर दबोचा। हालांकि, इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। विपक्ष ने सत्तारूढ़ दल पर चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने और प्रशासनिक अधिकारियों को डराने-धमकाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस इस मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है। अदालत में पेशी के दौरान पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कानून सम्मत कार्रवाई की मांग की है। चुनाव आयोग ने भी स्पष्ट किया है कि चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मियों पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments