Durgapur में 'हर्बल चॉकलेट' के नाम पर स्कूली छात्रा को नशे की सामग्री देने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

दुर्गापुर :- शहर के धनुरा प्लॉट इलाके में एक स्कूली छात्रा को 'हर्बल चॉकलेट' के नाम पर नशे की सामग्री (भांग) दिए जाने की घटना से हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, उक्त छात्रा स्थानीय एक दुकान पर कोल्ड ड्रिंक खरीदने गई थी। आरोप है कि उसी समय दुकानदार ने उसे हर्बल चॉकलेट बताकर एक पैकेट थमा दिया, जिसे छात्रा ने ले लिया।

घटना का खुलासा तब हुआ जब छात्रा स्कूल पहुंची और स्कूल अधिकारियों की नजर उस संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। स्कूल प्रबंधन द्वारा पूछताछ करने और तथाकथित हर्बल चॉकलेट की जांच करने पर पता चला कि वह कोई साधारण चॉकलेट नहीं बल्कि भांग थी। मामला सामने आते ही स्कूल अधिकारियों ने तुरंत छात्रा के अभिभावकों को फोन कर स्कूल बुलाया और पूरी घटना की जानकारी दी।


इस गंभीर मामले की जानकारी मिलते ही अभिभावक और स्थानीय लोग धनुरा प्लॉट स्थित संबंधित दुकान पर पहुंचे और दुकानदार से पूछताछ की। बढ़ते विरोध को देखकर दुकानदार ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और दावा किया कि यह सब अनजाने में हुआ है। उसने इस घटना के लिए माफी भी मांगी। वहीं, सूचना पाकर दुर्गापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है और प्रशासन से ऐसी दुकानों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments