दुर्गापुर :- कोयला तस्करी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बुधवार को जांच अधिकारियों ने पश्चिम बर्धमान जिले के बुदबुद थाने के पूर्व ओसी (थाना प्रभारी) मनोरंजन मंडल के दुर्गापुर स्थित आवास पर छापेमारी की। हालांकि, छापेमारी के दौरान घर पर कोई भी मौजूद नहीं मिला। इसके बाद ईडी के अधिकारियों को मनोरंजन मंडल के घर के दरवाजे पर नोटिस चस्पा करना पड़ा, जिसमें उन्हें आगामी शुक्रवार को ईडी कार्यालय में हाजिर होने का निर्देश दिया गया है।
ईडी सूत्रों के अनुसार, कोयला तस्करी मामले में मनोरंजन मंडल को पहले भी कई बार तलब किया जा चुका है, लेकिन वे हर बार पेशी से बचते रहे हैं। जांच अधिकारी बुधवार सुबह उन्हें फिर से पेश होने के लिए कहने गए थे, लेकिन उनके न मिलने पर नई तारीख वाला नोटिस दरवाजे पर चिपका कर वापस लौट आए। इससे पहले 3 जनवरी को भी इसी मामले की जांच के सिलसिले में उनके घर पर छापेमारी की गई थी।
मनोरंजन मंडल पहले जिले के बाराबनी थाने के ओसी थे और उस दौरान भी उन पर कई गंभीर आरोप लगे थे। बाद में उन्हें आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल ब्रांच में स्थानांतरित कर दिया गया था। दिसंबर के अंत में जारी एक अधिसूचना के अनुसार उन्हें बुदबुদ थाने का ओसी बनाया गया था, लेकिन कार्यभार संभालने से पहले ही ईडी ने उनके घर पर दबिश दे दी। वर्तमान में उन्हें पुनः स्पेशल ब्रांच में भेज दिया गया है। फिलहाल ईडी सूत्रों का कहना है कि जांचकर्ताओं को मनोरंजन का कोई सुराग नहीं मिल रहा है और नोटिस का भी कोई जवाब नहीं आ रहा है, जबकि पुलिस सूत्रों के मुताबिक वे अभी छुट्टी पर हैं।




0 Comments