कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में ऑनलाइन धोखाधड़ी और अवैध कॉल सेंटरों के जरिए हो रही वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार सुबह एक बार फिर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। केंद्रीय जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने कोलकाता के बोराल और बेनियापुकुर समेत उत्तर बंगाल, हावड़ा, सिलीगुड़ी और दुर्गापुर के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी फर्जी कॉल सेंटर चलाकर आम लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने के मामले में की जा रही है। जांच अधिकारियों को संदेह है कि इन अवैध कॉल सेंटरों के माध्यम से करोड़ों रुपये का हेरफेर किया गया है। इससे पहले भी ईडी ने कोलकाता के कैखाली और बेनियापुकुर क्षेत्रों में इसी तरह की कार्रवाई की थी, जहां बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के सुराग मिले थे। हालांकि, सोमवार को हुई इस ताजा कार्रवाई में अब तक क्या बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। चुनाव से ठीक पहले प्रशासन के साथ-साथ जांच एजेंसियों की यह सक्रियता राज्य में चर्चा का विषय बनी हुई है।

0 Comments