EID की खुशियों से सराबोर हुआ आसनसोल शिल्पांचल, मस्जिदों में अदा की गई नमाज


आसनसोल :- भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश करने वाले शहर आसनसोल में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार असीम उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पवित्र रमजान के महीने के समापन पर मुस्लिम समुदाय के लोगों के चेहरों पर खुशी की लहर साफ देखी गई। सुबह से ही नए वस्त्रों में सजे बच्चे, युवा और बुजुर्ग स्थानीय मस्जिदों एवं ईदगाहों की ओर रुख करने लगे। आसनसोल शिल्पांचल समेत शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित नमाज स्थलों पर हजारों की संख्या में अकीदतमंदों ने खुदा की इबादत में सिर झुकाया और मुल्क की अमन-चैन व तरक्की के लिए दुआएं मांगी। नमाज संपन्न होने के बाद 'ईद मुबारक' की गूंज के साथ लोग एक-दूसरे के गले मिले और खुशियां बांटी।


आसनसोल के मुर्गासोल इलाके में इस अवसर पर एक भव्य 'ईद मिलन' समारोह का आयोजन किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। इस कार्यक्रम में आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी और राज्य के मंत्री मलय घटक विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों से आत्मीयता के साथ गले मिलकर उन्हें ईद की बधाई दी। मंत्री के साथ आसनसोल नगर निगम के डिप्टी मेयर वसीमुल हक, चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, बोरो चेयरमैन राजेश तिवारी और पार्षद जीतू सिंह ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और जनता के साथ खुशियां साझा कीं।



इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए मंत्री मलय घटक ने कहा कि आसनसोल हमेशा से ही गंगा-जमुनी तहजीब का केंद्र रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह भाईचारे का शहर है, जहाँ ईद हो या कोई अन्य त्योहार, यहाँ के लोग आपस में मिल-जुलकर और कंधे से कंधा मिलाकर रहते हैं। उन्होंने आसनसोल की जनता द्वारा पेश की गई सांप्रदायिक सद्भाव की मिसाल की सराहना की। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे और दिन भर दावतों व मिलन का सिलसिला चलता रहा, जिससे पूरा आसनसोल उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया।

Post a Comment

0 Comments