कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने प्रशासनिक स्तर पर एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया है। रविवार को आयोग ने राज्य के 83 ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारियों (BDO) और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (ARO) के तबादले का निर्देश जारी किया। इस कार्रवाई की सबसे बड़ी मार पूर्व मेदिनीपुर जिले पर पड़ी है, जहां नंदीग्राम के दो ब्लॉकों सहित कुल 14 अधिकारियों को बदला गया है।
दक्षिण 24 परगना में 11, उत्तर 24 परगना और पूर्व बर्धमान में 7-7, जबकि बीरभूम और मालदा में 6-6 अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। इसके अलावा नादिया, हुगली, बांकुड़ा और जलपाईगुड़ी सहित अन्य जिलों में भी व्यापक बदलाव किए गए हैं। गौरतलब है कि इससे पहले आयोग ने 14 विधानसभा सीटों के रिटर्निंग अधिकारियों को भी बदल दिया था, जिनमें नंदीग्राम जैसी हाई-प्रोफाइल सीट शामिल थी। आयोग के इन कड़े फैसलों का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करना और किसी भी प्रकार के स्थानीय प्रशासनिक प्रभाव को रोकना है।

0 Comments