कोलकाता :- निर्वाचन आयोग ने राज्य पुलिस के महानिदेशक पीयूष पांडेय को पद से हटाकर उनके स्थान पर 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी सिद्धनाथ गुप्ता को नया डीजीपी (कार्यकारी) नियुक्त किया है। इसके साथ ही कोलकाता के पुलिस कमिश्नर सुप्रतिम सरकार को भी पदमुक्त कर दिया गया है और उनकी जगह 1996 बैच के अनुभवी आईपीएस अधिकारी अजय नंदा को कोलकाता का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। अजय नंदा इससे पहले पश्चिम मेदिनीपुर के पुलिस अधीक्षक के रूप में माओवादी विरोधी अभियानों में सक्रिय रहे हैं और एसटीएफ के पहले आईजी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
प्रशासनिक सर्जरी यहीं नहीं रुकी, बल्कि राज्य के एडीजी (कानून-व्यवस्था) विनीत गोयल को हटाकर 1995 बैच के आईपीएस अजय मुकुंद रानाडे को इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कारागार महानिदेशक (DG Prisons) के पद पर अब 1991 बैच के आईपीएस नटराजन रमेश बाबू कमान संभालेंगे। इससे पहले आयोग ने रविवार रात को मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती को हटाकर दुष्यंत नारिवाला को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया था, जबकि गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा की जगह संघमित्रा घोष को नया गृह सचिव बनाया गया है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान कराने की घोषणा के तुरंत बाद ये बदलाव किए गए हैं। आयोग का स्पष्ट उद्देश्य राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और हिंसा मुक्त चुनाव सुनिश्चित करना है। शीर्ष अधिकारियों के इन तबादलों को राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में आयोग का एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।



0 Comments