Jamuria में MP शत्रुघ्न सिन्हा की गाड़ी पर नीली बत्ती, BJP ने चुनाव आयोग से की कार्रवाई की मांग

जामुड़िया :- आसनसोल लोकसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के सांसद और बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा एक बार फिर विवादों के केंद्र में हैं। अपने संसदीय क्षेत्र से अक्सर अनुपस्थित रहने के आरोपों का सामना कर रहे सांसद अब आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में घिर गए हैं। ताजा विवाद जामुड़िया में उनके चुनाव प्रचार के दौरान सामने आया, जहाँ उनकी गाड़ी पर नीली बत्ती लगी पाए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में हंगामा मच गया है। भाजपा ने इसे चुनावी नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाना करार देते हुए चुनाव आयोग से सख्त कार्रवाई की मांग की है।



पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की बढ़ती तपिश के बीच शत्रुघ्न सिन्हा जामुड़िया में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार हरेराम सिंह के समर्थन में आयोजित एक कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे थे। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि हरेराम सिंह की जीत सुनिश्चित है, बस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर धरातल पर काम करने की जरूरत है। हालांकि, कार्यक्रम से कहीं अधिक चर्चा उनकी उस गाड़ी की हुई, जिस पर प्रतिबंधित नीली बत्ती लगी हुई थी। चुनावी माहौल में यह मामला तुरंत सियासी रंग ले लिया और विरोधियों ने इसे सत्ता का दुरुपयोग बताया।

विवाद गहराते देख सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने सफाई देते हुए कहा कि वे अभी-अभी बंगाल पहुंचे हैं और उन्हें इस स्थिति की पूरी जानकारी नहीं थी। उन्होंने यह स्वीकार किया कि गाड़ी पर नीली बत्ती लगी थी, लेकिन साथ ही यह तर्क भी दिया कि बत्ती जल नहीं रही थी। हालांकि, बढ़ते दबाव और विवाद को देखते हुए बाद में उनकी गाड़ी से नीली बत्ती हटा दी गई। सिन्हा ने मामले की जांच करने की बात कही है, पर भाजपा इस जवाब से संतुष्ट नजर नहीं आ रही है।

मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए जामुड़िया से भाजपा उम्मीदवार डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि आचार संहिता लागू होने के बाद किसी भी जनप्रतिनिधि या नेता द्वारा नीली बत्ती का उपयोग करना गैरकानूनी है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर आदतन नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया। डॉ. मुखर्जी ने स्पष्ट किया कि भाजपा इस गंभीर चूक को लेकर चुप नहीं बैठेगी और जल्द ही चुनाव आयोग के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराकर दोषी के खिलाफ उचित कदम उठाने की मांग करेगी।

Post a Comment

0 Comments