जामुड़िया :- राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 60 पर जामुड़िया थाना क्षेत्र के अंतर्गत केंदा पुलिस फाड़ी के पास कुनुस्तोरिया काटा मोड़ पर एक भीषण सड़क दुर्घटना से इलाके में भारी तनाव फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रानीगंज से हरिपुर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने अपने आगे चल रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर स्कॉर्पियो को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया और अंत में सड़क किनारे खड़ी तीन से चार मोटरसाइकिलों को अपने पहियों के नीचे कुचल दिया।
इस घटना की खबर फैलते ही स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि काटा मोड़ पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। निवासियों की बार-बार की मांग के बाद प्रशासन ने वहां स्पीड ब्रेकर तो बनवाए थे, लेकिन उनका आकार इतना छोटा है कि वाहन चालक उन्हें अनदेखा कर तेज गति से गाड़ियां निकालते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की इस लापरवाही के कारण क्षेत्र में सड़क हादसों पर लगाम नहीं लग पा रही है।
दुर्घटना के कारणों पर चर्चा करते हुए स्थानीय लोगों ने दावा किया कि संभवतः ट्रेलर चालक को झपकी आ जाने के कारण उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया था। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस भयानक टक्कर के बावजूद किसी के हताहत होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जिन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया है।





0 Comments