Jamuria के TMC प्रत्याशी हरेराम सिंह के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन, सैकड़ों BJP कार्यकर्ता TMC में शामिल

जामुड़िया :- विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देते हुए जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार और वर्तमान विधायक हरेराम सिंह ने चुनावी कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन किया। जामुड़िया से चादा जाने वाली मुख्य सड़क पर अखलपुर स्वास्थ्य केंद्र मोड़ के समीप स्थित इस नए कार्यालय का उद्घाटन विधायक ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर क्षेत्र के टीएमसी कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ा, जिससे पूरे इलाके में पार्टी के पक्ष में एक मजबूत लहर दिखाई दी। चुनावी कार्यालय के खुलने से अब कार्यकर्ताओं को रणनीति बनाने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने में सुविधा होगी।


इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता सत्ताधारी दल का बढ़ता कुनबा रहा। उद्घाटन समारोह के दौरान ही भाजपा को बड़ा झटका देते हुए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पार्टी का दामन छोड़ दिया और टीएमसी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। विधायक हरेराम सिंह ने स्वयं इन कार्यकर्ताओं का पार्टी में स्वागत किया और उन्हें पार्टी का झंडा थमाया। नए सदस्यों ने ममता बनर्जी के विकास कार्यों और विधायक की कार्यशैली पर भरोसा जताते हुए टीएमसी के साथ मिलकर काम करने का संकल्प लिया।


इस अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुए विधायक हरेराम सिंह ने कहा कि जनता का उत्साह यह साफ बता रहा है कि क्षेत्र में विकास की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि आज जिस तरह से भाजपा छोड़कर लोग तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं, उससे स्पष्ट है कि विपक्ष के पास कोई ठोस जनाधार नहीं बचा है। हरेराम सिंह ने दावा किया कि यह नया चुनावी कार्यालय आगामी चुनाव में जीत का मुख्य केंद्र बनेगा और कार्यकर्ता घर-घर जाकर राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का प्रचार करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि जामुड़िया की जनता एक बार फिर विकास के नाम पर तृणमूल कांग्रेस को भारी बहुमत से विजयी बनाएगी।

Post a Comment

0 Comments