जामुड़िया :- विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच जामुड़िया के बीजपुर इलाके में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। यहाँ बीजपुर TMC कार्यालय की दीवार पर जामुड़िया से प्रत्याशी हरेराम सिंह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी लिखे पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना के विरोध में सोमवार को TMC कार्यकर्ताओं ने बीजपुर स्थित पार्टी कार्यालय के सामने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस घृणित कार्य में शामिल लोगों को जल्द से जल्द चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए TMC ब्लॉक एक अध्यक्ष सुब्रत अधिकारी ने कहा कि विधायक हरेराम सिंह की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से यह साजिश रची गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कारनामा BJP, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और एनसीपी के कार्यकर्ताओं ने मिलकर किया है। अधिकारी के अनुसार, कुछ बाहरी अराजक तत्व क्षेत्र में दाखिल होकर चुनाव से पहले अशांति फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष के पास विकास के मुद्दों पर बोलने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वे इस तरह की ओछी और गंदी राजनीति का सहारा ले रहे हैं।
दूसरी ओर, इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए जामुड़िया से BJP प्रत्याशी डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि इस घटना से उनकी पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि यह पूरी तरह से TMC की अंदरूनी गुटबाजी का नतीजा है, जिसका ठीकरा विपक्ष पर फोड़ने की कोशिश की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और पोस्टर लगाने वालों की तलाश शुरू कर दी गई है।



0 Comments