Jamuria में फिर TMC प्रत्याशी हरेराम सिंह के दीवार लेखन पर गोबर पोतने का आरोप

जामुड़िया :- पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी के बीच जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र से राजनीतिक टकराव की खबर सामने आई है। यहाँ बहादुरपुर अंचल के बागडीपाड़ा इलाके में तृणमूल कांग्रेस के चुनावी विज्ञापनों और दीवार लेखन को खराब करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। TMC के स्थानीय नेता और अंचल अध्यक्ष अरिजीत लाहा ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर BJP और CPM को जिम्मेदार ठहराया है।


अरिजीत लाहा का आरोप है कि बीती रात विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं ने अंधेरे का सहारा लेकर बूथ नंबर 210 में पार्टी द्वारा की गई दीवार लिखाई पर काली स्याही और गोबर पोत दिया। उन्होंने इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे विपक्ष की हताशा का परिणाम बताया है। लाहा ने तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी दल अब यह भली-भांति समझ चुके हैं कि वे चुनाव में जनता का विश्वास नहीं जीत पाएंगे, इसलिए हार के डर से इस तरह की ओछी हरकतों पर उतर आए हैं।

TMC नेता ने आगे कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में इस तरह की हिंसा और तोड़फोड़ का कोई स्थान नहीं है और रात के सन्नाटे में दीवारें खराब करना विपक्ष की कमजोरी को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि BJP और CPM के पास अब जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है और तृणमूल नेतृत्व ने स्थानीय प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments