Jamuria पेयजल संकट पर फूटा गुस्सा, वोट बायकॉट की धमकी


जामुड़िया :- आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 6 के अंतर्गत आने वाले जामुड़िया बाईपास क्षेत्र में पेयजल की गंभीर समस्या को लेकर रविवार को स्थानीय निवासियों ने सड़क जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले पांच वर्षों से क्षेत्र में पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सूचना मिलते ही भाजपा प्रत्याशी डॉ. बिजन मुखर्जी और बोरो चेयरमैन शेख शानदार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बीजेपी प्रत्याशी डॉ. बिजन मुखर्जी ने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि स्वच्छ पेयजल एक बुनियादी अधिकार है, लेकिन नगर निगम इसे उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रहा है। उन्होंने स्थानीय लोगों की नाराजगी का समर्थन करते हुए कहा कि यदि प्रशासन बुनियादी सुविधाएं नहीं दे पा रहा, तो जनता का चुनाव बहिष्कार का निर्णय उनकी विफलता को दर्शाता है। 


दूसरी ओर, बोरो चेयरमैन शेख शानदार ने गर्मी के कारण जल स्तर गिरने का हवाला देते हुए आश्वासन दिया कि नगर निगम जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था कर समस्या का समाधान करेगा। अधिकारियों और नेताओं के ठोस आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने जाम हटाया, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि समस्या दूर नहीं हुई तो वे मतदान प्रक्रिया से दूर रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments