Kulti में साउंड सिस्टम नहीं देने पर पीट-पीटकर हत्या, शव के साथ थाना घेराव और सड़क जाम

कुल्टी :- आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 62 अंतर्गत कुल्टी के ऊपर पट्टी इलाके में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना के विरोध में सोमवार को मृतक के परिजनों और स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने मृतक का शव कुल्टी थाना के सामने बीच सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मृतक की पहचान विनय ओझा के रूप में हुई है, जो पेशे से डेकोरेटर और साउंड सिस्टम का काम करते थे।

घटना की जड़ में होली के दिन हुआ एक विवाद बताया जा रहा है। आरोप है कि इलाके का निवासी गौतम मिश्रा अपने दो बेटों के साथ विनय ओझा के पास साउंड सिस्टम किराए पर लेने गया था। विनय ने सिस्टम उपलब्ध न होने की बात कही, जिससे नाराज होकर गौतम और उसके बेटों ने विनय को घर से बाहर बुलाया और उन पर बेरहमी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विनय का इलाज आसनसोल जिला अस्पताल में चल रहा था, जहाँ उन्होंने दम तोड़ दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव इलाके में पहुँचा, तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गौतम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पत्नी ने गौतम और उसके दोनों बेटों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस फिलहाल फरार अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सभी दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। पुलिस के आश्वासन के बाद सड़क जाम हटाया गया, लेकिन इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है।

Post a Comment

0 Comments