Kulti में चावल लदे ट्रक की टक्कर से इलेक्ट्रिक पोल क्षतिग्रस्त होने से बिजली आपूर्ति बाधित

कुल्टी :- कुल्टी के नियामतपुर बाजार में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चावल से लदे एक ट्रक ने बिजली के खंभे को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में सीमेंट का बना बिजली का खंभा टूटकर गिर गया, जिससे पूरे इलाके की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, चावल से लदा ट्रक नियामतपुर चित्तरंजन रोड से होते हुए म्युनिसिपलिटी रोड की ओर मुड़ रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य वाहन को साइड देने की कोशिश में ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर झुक गया।


घटना की सूचना मिलते ही नियामतपुर फाड़ी की पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुँचे। सुरक्षा के मद्देनजर बिजली विभाग ने तुरंत क्षेत्र की बिजली काट दी। मरम्मत कार्य शुरू होने के कारण काफी देर तक इलाके में बिजली गुल रही, जिससे स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments