आसनसोल (राम बाबू यादव) :- आसनसोल में शनिवार को प्रशासन और पुलिस की एक संयुक्त टीम ने गैस सिलेंडरों की आपूर्ति और उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कई एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स के ठिकानों पर सघन छापेमारी की। यह विशेष अभियान शहर के मुख्य क्षेत्रों जैसे एसबी गोराई रोड, जीटी रोड स्थित एलआईसी मोड़ और मुर्गाशोल इलाके में चलाया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी युद्ध की परिस्थितियों के कारण देश भर में गैस आपूर्ति पर पड़े प्रभाव और बढ़ती कीमतों के बीच, स्थानीय प्रशासन ने यह कदम उठाया है ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की कालाबाजारी का सामना न करना पड़े।
इस निरीक्षण दल का नेतृत्व आसनसोल के एसडीएम (सदर) विश्वजीत भट्टाचार्य और एसीपी (इंफोर्समेंट ब्रांच) मोहम्मद हारून कर रहे थे। अधिकारियों ने डिस्ट्रीब्यूटर्स के गोदामों में जाकर स्टॉक रजिस्टर का मिलान किया और वर्तमान स्टॉक की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने न केवल कागजी जांच की, बल्कि वहां मौजूद ग्राहकों और वितरकों से भी बातचीत कर जमीनी हकीकत को समझने की कोशिश की। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि बाजार में गैस की कोई कृत्रिम किल्लत पैदा न की जाए।
एसडीएम (सदर) विश्वजीत भट्टाचार्य ने निरीक्षण के बाद कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में अस्पतालों, स्कूलों और आईसीडीएस केंद्रों जैसे आवश्यक संस्थानों में गैस की आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने वितरकों को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि कोई भी डिस्ट्रीब्यूटर गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी या कालाबाजारी में संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है और प्रशासन इस पर पैनी नजर बनाए हुए है।



0 Comments