पांडवेश्वर के MLA नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने निभाया वादा, 81 लाख रुपये की लागत से सड़क पुनर्निर्माण शुरू

पांडवेश्वर :- क्षेत्रीय विकास और सार्वजनिक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए पांडवेश्वर के विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने एक बार फिर अपना वादा निभाया है। पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के गोगला अंचल स्थित पानशिउली इलाके में लंबे समय से लंबित सड़क पुनर्निर्माण कार्य का मंगलवार को औपचारिक रूप से शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की प्रेरणा से शुरू हुए विकास कार्यों की कड़ी में पानशिउली उच्च विद्यालय से लेकर पानशिउली पीएचई (PHE) तक की सड़क के पुननिर्माण कार्य का उद्घाटन विधायक ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर किया।


क्षेत्र के निवासियों और विशेषकर स्कूली छात्रों के लिए यह सड़क अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसकी जर्जर स्थिति के कारण लोगों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए कुल 81 लाख 85 हजार 644 रुपये का बजट आवंटित किया गया है। उद्घाटन समारोह के दौरान विधायक ने कहा कि क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और आम जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस सड़क के बन जाने से पानशिउली और उसके आसपास के गांवों की संपर्क व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय निवासियों में खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने विधायक के इस त्वरित कदम की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री और विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया है। उद्घाटन के अवसर पर भारी संख्या में स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments