रानीगंज में MLA तापस बनर्जी और ADDA चेयरमैन कवि दत्त ने कई विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास

रानीगंज :- रानीगंज के विभिन्न वार्डों में विकास की गति को तेज करते हुए शनिवार को आसनसोल दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (एडीडीए) के सौजन्य से कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर रानीगंज के विधायक तापस बनर्जी और एडीडीए के चेयरमैन कवि दत्त ने संयुक्त रूप से विभिन्न क्षेत्रों में आधारशिला रखी।

जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या 35 के मंगलपुर इंडस्ट्रियल एरिया में 64 लाख 18 हजार रुपये की लागत से एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने और मरम्मत कार्य का शुभारंभ किया गया। इस दौरान बोरो चेयरमैन मोज्ज्मिल हुसैन शहजादा, पार्षद ज्योति सिंह, रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप बाजोरिया और जय बालाजी इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष किशन जी खटाना प्रमुख रूप से उपस्थित थे। 


इस अवसर पर विधायक तापस बनर्जी ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देशानुसार हर क्षेत्र तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। मंगलपुर औद्योगिक क्षेत्र में कई छोटे बड़े कल कारखाने हैं और यहां एलइडी लाइट लग जाने से कारखाना मालिकों के साथ श्रमिकों को भी सुविधा होगी। वहीं विभिन्न वार्डों में पक्की सड़कों से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी। 

एडीडीए चेयरमैन कवि दत्त ने कहा कि एडीडीए निरंतर आसनसोल-दुर्गापुर क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए राशि आवंटित कर रहा है। इन परियोजनाओं को समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा ताकि स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को इसका लाभ मिल सके।

वहीं दूसरी तरफ वार्ड संख्या 88 के ईस्ट कॉलेज पाड़ा (विवेकानंद पल्ली) में 17 लाख 29 हजार रुपये की लागत से ढलाई सड़क और ड्रेन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। वहीं, वार्ड संख्या 34 के आमड़ासोता मोड़ स्थित पंजाबी मोड़ फाड़ी में 7 लाख 66 हजार रुपये की लागत से हाई मास्ट लाइट और वार्ड संख्या 33 में सियारशोल रक्षाकाली मंदिर से रानीसायर मोड़ तक 27 लाख 36 हजार रुपये की लागत से बिटुमिनस सड़क निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।

Post a Comment

0 Comments