कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में 'परिवर्तन यात्रा' के समापन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। अगले शनिवार, 14 मार्च को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रैली से पहले आज भाजपा नेताओं ने आयोजन स्थल पर विधि-विधान से भूमिपूजन किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल और प्रदेश संगठन महामंत्री अमिताभ चक्रवर्ती सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। भगवा शामियाने के नीचे मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न हुई, जिसका उद्देश्य सभा की सफलता और राज्य में राजनीतिक परिवर्तन की कामना करना था। पूजा के बाद भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजू बनर्जी ने पत्रकारों से कहा कि बंगाल की लुप्त होती संस्कृति को बचाने के लिए हमने परंपरा अनुसार यह पूजन किया है। उन्होंने दावा किया कि 14 मार्च को ब्रिगेड में केवल लोगों के सिर ही नजर आएंगे और लाखों की भीड़ प्रधानमंत्री को सुनने पहुंचेगी। बनर्जी ने यह भी संकेत दिया कि इस चुनावी सभा में कई बड़े 'चमत्कार' और सरप्राइज देखने को मिल सकते हैं, जिससे बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव आएगा। भाजपा का नारा "बदलाव चाहिए, बीजेपी सरकार चाहिए" अब धरातल पर दिखने लगा है।


0 Comments