Raniganj में बाजोरिया चैरिटेबल ट्रस्ट और हनुमान चालीसा संघ ने कराया 8 जोड़ों का सामूहिक विवाह

रानीगंज :- मुरलीधर गिन्नी देवी बाजोरिया चैरिटेबल ट्रस्ट और श्री हनुमान चालीसा संघ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। रानीशायर के समीप काटागोड़िया स्थित बाजोरिया वृद्ध सेवा सदन परिसर में आयोजित इस समारोह में पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच 8 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इस आयोजन ने न केवल सामाजिक समरसता का संदेश दिया, बल्कि उन परिवारों की मदद की जो आर्थिक कारणों से भव्य विवाह का खर्च उठाने में असमर्थ थे।

संस्था की ओर से ओम प्रकाश बाजोरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इन संस्थाओं के माध्यम से सामाजिक सेवा का यह सिलसिला लंबे समय से जारी है और अब तक कुल 558 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जा चुका है। समारोह के दौरान नवविवाहित जोड़ों के नए जीवन की शुरुआत के लिए उन्हें गृहस्थी का आवश्यक सामान भी भेंट किया गया। उपहार स्वरूप प्रत्येक जोड़े को बेड, बिस्तर, अलमारी, कपड़े, बर्तन और साइकिल जैसी जरूरी वस्तुएं प्रदान की गईं।

विवाह की रस्मों के साथ-साथ संस्था की ओर से अतिथियों और परिजनों के लिए खान-पान का भी विशेष प्रबंध किया गया था। सुबह के जलपान के बाद दोपहर में भव्य भोज का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने शिरकत कर नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। इस आयोजन की सफलता में बाजोरिया वृद्ध सेवा सदन और श्री हनुमान चालीसा संघ के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Post a Comment

0 Comments