आसनसोल :- मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया को लेकर राज्य में बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच सालानपुर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस ने एसआईआर (SIR) के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित इस विशाल विरोध कार्यक्रम के तहत एक भव्य बाइक रैली निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के सालानपुर कालीतला से शुरू हुई यह रैली देंदुआ, जेमारी, आल्लाडी और रूपनारायणपुर होते हुए सियाकुलबेड़िया स्थित शहीद रतन-परेश की मूर्ति के पास जाकर संपन्न हुई। पूरी रैली के दौरान तृणमूल कार्यकर्ता गगनभेदी नारों के साथ भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराते नजर आए।
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से बाराबनी के विधायक सह आसनसोल नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय और युवा नेता मुकुल उपाध्याय सहित ब्लॉक स्तर के तमाम नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। रैली के समापन पर विधान उपाध्याय ने शहीद रतन-परेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मेयर विधान उपाध्याय ने केंद्र की भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर सुनियोजित तरीके से मतदाता सूची से बड़ी संख्या में लोगों के नाम हटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए ही यह आंदोलन छेड़ा गया है।
उपाध्याय ने आगे कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस ऐतिहासिक रैली ने यह साबित कर दिया है कि जनता पूरी तरह से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के साथ है। उन्होंने चेतावनी दी कि मतदाताओं के अधिकारों का हनन करने की किसी भी कोशिश के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस का आंदोलन भविष्य में भी जारी रहेगा। रैली में युवाओं और महिलाओं की रिकॉर्ड तोड़ भागीदारी के लिए उन्होंने सालानपुर ब्लॉक के प्रत्येक निवासी का आभार व्यक्त किया।


0 Comments