SIR प्रक्रिया के विरोध में आसनसोल में कांग्रेस का प्रदर्शन, टायर जलाकर जाम की सड़क


आसनसोल :- चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ कांग्रेस ने अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए आसनसोल के गिरजा मोड़ पर एक व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर टायर जलाकर यातायात बाधित किया और जमकर नारेबाजी की। पार्टी का मुख्य विरोध एसआईआर प्रक्रिया के तहत लगभग 60 लाख नामों को सूची से रद्द किए जाने और बड़ी संख्या में नामों को 'अंडर एडजुडिकेशन' प्रक्रिया में रखे जाने को लेकर है।

कांग्रेस नेताओं ने इस पूरी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे एक सोची-समझी साजिश करार दिया। विरोध के दौरान प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी दहन किया। पार्टी का आरोप है कि इस प्रक्रिया के माध्यम से एक विशेष रणनीति के तहत मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।


इस विरोध प्रदर्शन में पश्चिम बंगाल कांग्रेस राज्य कमेटी के वरिष्ठ नेता प्रसेंजित पुइतोंडी और शाह आलम मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक भी सड़क पर उतरे। गिरजा मोड़ पर किए गए इस सड़क जाम के कारण काफी समय तक इलाके की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि यदि इस प्रक्रिया में सुधार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments