'चार्जशीट' पर छिड़ी जंग, अमित शाह के आरोपों पर TMC ने जारी की 15 पन्नों की 'मोटा भाई, जवाब दो' रिपोर्ट

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में 'चार्जशीट' की राजनीति ने नया मोड़ ले लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा तृणमूल सरकार के खिलाफ 35 पन्नों की चार्जशीट जारी करने के महज कुछ ही घंटों के भीतर, तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भी जवाबी हमला करते हुए 15 पन्नों की अपनी चार्जशीट पेश कर दी है। टीएमसी ने अपनी इस रिपोर्ट को 'मोटा भाई, जवाब दो' नाम दिया है, जिसमें भाजपा सरकार की नीतियों और केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग पर तीखे सवाल उठाए गए हैं। TMC की ओर से राज्य के मंत्री ब्रात्य बसु, सांसद महुआ मोइत्रा और कीर्ति आजाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अमित शाह के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। ब्रात्य बसु ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि 'एसआईआर' (SIR) भाजपा की एक सोची-समझी साजिश है और वे तृणमूल के खिलाफ जो भी कील ठोकने की कोशिश करेंगे, पार्टी उस कील को उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गृह मंत्री की चार्जशीट में उठाए गए हर बिंदु का टीएमसी के पास ठोस जवाब तैयार है। 

वहीं, सांसद महुआ मोइत्रा ने अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने हर बंगाली को अपराधी की तरह पेश करने की रणनीति अपनाई है। उन्होंने भाजपा की कार्यप्रणाली को चार चरणों— अपमान, वंचना, अपराधीकरण और प्रताड़ना— में विभाजित करते हुए गंभीर आरोप लगाए। मोइत्रा ने ईडी (ED) की कार्रवाई पर डेटा पेश करते हुए कहा कि एजेंसी ने लगभग 6,000 मामले दर्ज किए हैं, जिनमें से 98% विपक्षी नेताओं के खिलाफ हैं, लेकिन सजा की दर महज 0.42% है। टीएमसी नेताओं ने दावा किया कि भाजपा हार के डर से बंगाल की अस्मिता पर हमला कर रही है, जिसे राज्य की जनता स्वीकार नहीं करेगी।

Post a Comment

0 Comments