कोलकाता :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मुख्यमंत्री और TMC प्रमुख ममता बनर्जी ने पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है, जिसमें '10 शपथ' के जरिए राज्य की जनता से बड़े वादे किए गए हैं। इस घोषणापत्र की सबसे बड़ी विशेषता 'द्वारे चिकित्सा' योजना है, जिसके तहत अब हर बूथ और ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर लोगों के घर-द्वार तक मुफ्त चिकित्सा सुविधा पहुंचाई जाएगी। स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े बदलाव का संकल्प लेते हुए मुख्यमंत्री ने हजारों सरकारी स्कूलों को ई-लर्निंग सुविधाओं से लैस कर उन्हें आधुनिक बनाने की बात कही है। इसके अलावा, प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए राज्य में 7 से 8 नए जिले, ब्लॉक और नई नगर पालिकाएं बनाने का भी लक्ष्य रखा गया है।
महिलाओं और युवाओं के लिए वित्तीय सहायता को और अधिक आकर्षक बनाते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 'लक्ष्मी भंडार' योजना के तहत मिलने वाली राशि में 500 रुपये की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। अब सामान्य वर्ग की महिलाओं को मासिक 1,500 रुपये और एससी/एसटी वर्ग की महिलाओं को 2,0400 रुपये सालाना की सहायता मिलेगी। बेरोजगार युवाओं के लिए 'युवा साथी' योजना के तहत 1,500 रुपये प्रति माह की मदद जारी रहेगी। कृषि क्षेत्र को मजबूती देने के लिए TMC ने 30,000 करोड़ रुपये के विशेष कृषि बजट का प्रावधान करने का वादा किया है, जिससे भूमिहीन किसानों और कृषि परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार जन-कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से बंगाल के हर वर्ग का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करेगी।



0 Comments