पांडवेश्वर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रणभेरी बजते ही पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक तापमान चरम पर पहुंच गया है। रविवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के प्रत्याशी और क्षेत्र के निवर्तमान विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के समर्थन में आयोजित एक विशाल 'हाईवोल्टेज' जुलूस ने इलाके की सड़कों को जनसमुद्र में बदल दिया। डीवीसी पेट्रोल पंप से शुरू होकर पांडवेश्वर रेलवे स्टेशन तक निकली इस रैली में हजारों की संख्या में उमड़ी समर्थकों की भीड़ ने विपक्षी दलों की पेशानी पर बल डाल दिए हैं। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था, जहां 'ममता बनर्जी जिंदाबाद' और 'विकास' के नारों से पूरा आसमान गूंज उठा।
हाथों में पार्टी का झंडा थामे और ममता सरकार की 'लक्ष्मी भंडार' व 'कन्याश्री' जैसी जन-कल्याणकारी योजनाओं के जयघोष के साथ जनता का यह हुजूम डीवीसी मोड़ से स्टेशन रोड तक कई किलोमीटर तक फैला नजर आया। रैली के अग्रभाग में चल रहे प्रत्याशी नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने जनता का अभिवादन स्वीकार किया और लोगों के बीच एक नेता के बजाय क्षेत्र के 'दादा' के रूप में घुलते-मिलते नजर आए। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ संदेश दिया कि पांडवेश्वर की मिट्टी तृणमूल के लिए पूरी तरह उर्वर है और यहां की जनता केवल विकास के नाम पर वोट देगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि डीवीसी मोड़ से स्टेशन तक तिल रखने की जगह न छोड़ना तृणमूल की संगठनात्मक मजबूती का प्रमाण है। पार्टी ने दावा किया है कि आज के इस ऐतिहासिक जन-प्रतिनिधित्व ने विरोधियों की नींद उड़ा दी है और यह स्पष्ट कर दिया है कि आगामी चुनाव में TMC एक इंच जमीन छोड़ने को तैयार नहीं है। सड़कों पर उमड़ा यह जनसैलाब आने वाले चुनाव के नतीजों की ओर एक बड़ा संकेत दे रहा है। अब देखना यह होगा कि सड़कों पर दिखी यह भारी भीड़ मतदान के दिन मतपेटियों में किस हद तक तब्दील होती है।

0 Comments