पूर्व बर्दवान :- पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले के केतुग्राम में अवैध बालू खनन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। गुरुवार तड़के अजय नदी में बालू से लदी एक नाव असंतुलित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार 2 लोगों की डूबने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाव पर कुल 11 मजदूर सवार थे। गीली बालू का वजन अधिक होने के कारण शंखाई पोस्ट ऑफिस घाट के पास नाव पलट गई। 9 अन्य मजदूरों ने तैरकर अपनी जान बचा ली, लेकिन दो मजदूर मलबे और नाव के नीचे दब गए। स्थानीय नाविकों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला। मृतकों में से एक की पहचान मुर्शिदाबाद के लालगोला निवासी गणेश मंडल (38) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की पहचान अभी सुनिश्चित नहीं की जा सकी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुर्शिदाबाद के रेत माफिया मोटे वेतन का लालच देकर मजदूरों को इस खतरनाक काम में धकेल रहे हैं। चार महीने पहले भी इसी क्षेत्र में ऐसी ही एक घटना हुई थी, जिसने प्रशासन की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


0 Comments