कोलकाता में चुनावी नाकेबंदी के दौरान 37 लाख रुपये कैश बरामद

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महानगर में चलाए जा रहे सघन तलाशी अभियान के दौरान पुलिस और स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) ने मंगलवार को दो अलग-अलग घटनाओं में करीब 37 लाख रुपये की भारी नकदी बरामद की है। पहली घटना दोपहर करीब 12:30 बजे न्यू मार्केट थाना क्षेत्र के छातावाला गली में हुई, जहां एसएसटी की टीम ने एक चार पहिया वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन से 20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। वाहन मालिक बसंत कुमार सोनी ने पूछताछ में बताया कि वह यह रकम घर से बैंक ले जा रहे थे, लेकिन संतोषजनक दस्तावेज न मिलने पर आयकर विभाग की टीम ने पूरी राशि जब्त कर ली।

दूसरी कार्रवाई सुबह करीब 10 बजे श्यामपुकुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हुई। यहां बड़ातला थाना पुलिस और एसएसटी की संयुक्त टीम ने संदिग्ध अवस्था में जा रहे दो युवकों, फजलुर रहमान और विवेक ओझा को हिरासत में लिया। फजलुर के पास मौजूद एक चमड़े के बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 16 लाख 94 हजार 500 रुपये बरामद हुए। आरोपी युवक इस बड़ी रकम के संबंध में कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सके। नोडल अधिकारी शिवब्रत राय की उपस्थिति में इस राशि को जब्त कर लिया गया। चुनाव आयोग के निर्देश पर शहर में बढ़ती नाकेबंदी के बीच एक ही दिन में हुई इन बड़ी बरामदगी ने सुरक्षा एजेंसियों को और अधिक सतर्क कर दिया है। फिलहाल दोनों मामलों की विस्तृत जांच की जा रही है।


Post a Comment

0 Comments