आसनसोल :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बरती जा रही कड़ी चौकसी के बीच आसनसोल के जुबली मोड़ पर पुलिस और चुनाव आयोग की स्टेटिक सर्विलांस टीम (SST) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रविवार को नाका चेकिंग के दौरान झारखंड के बोकारो से आसनसोल की ओर आ रही एक निजी बस से लगभग 22 किलो गांजा बरामद किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने बस की सघन तलाशी ली, जिसके बाद मादक पदार्थों की यह खेप बरामद हुई।
जुबली मोड़ पर अवैध सामग्री की बरामदगी का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी इस स्थान पर सघन जांच के दौरान भारी मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन और अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं। ताजा घटना ने एक बार फिर अंतरराज्यीय सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय स्तर पर यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि अगर जुबली मोड़ पर इतनी बड़ी मात्रा में गांजा पकड़ा जा रहा है, तो बंगाल-झारखंड सीमा पर स्थित महत्वपूर्ण डुबुडिही चेकपोस्ट पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां क्या कर रही हैं। वहां से गुजरने के बावजूद इस खेप का न पकड़ा जाना सीमावर्ती सुरक्षा और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवालिया निशान खड़े करता है।
पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त कर लिया है और इस तस्करी के पीछे जुड़े मुख्य सरगनाओं की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोकने के लिए नाका चेकिंग अभियान और तेज किया जाएगा। फिलहाल इस मामले में बस चालक और कंडक्टर से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीले पदार्थों का यह पार्सल किसने और किसके लिए भेजा था। इस बरामदगी के बाद से सीमावर्ती इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है।





0 Comments