आसनसोल :- विधानसभा चुनाव को देखते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट और स्टेट सर्विलांस टीम (SST) पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। चुनाव के मद्देनजर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और जगह-जगह सघन नाका चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी सक्रियता के परिणामस्वरूप पिछले 24 घंटों के दौरान पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से भारी मात्रा में बेहिसाब नकदी बरामद की है। कुल मिलाकर अब तक 17 लाख रुपये से ज्यादा का कैश जब्त किया जा चुका है।
ताजा मामला कुल्टी थाना अंतर्गत चौरंगी फाड़ी के डुबुरडिही अंतरराज्यीय नाका पॉइंट का है, जहाँ मंगलवार को चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक वाहन से 6,51,500 रुपये बरामद किए। इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के चंदौली निवासी तीन व्यक्तियों—मोहम्मद वकार (37 वर्ष), अब्दुल रऊफ हाशमी और मोहम्मद शाकिर खान को हिरासत में लिया है। इस बरामदगी के संबंध में चौरंगी फाड़ी में जनरल डायरी (GDE No. 278, दिनांक 07.04.26) दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इससे पहले सोमवार को भी पुलिस ने दो अलग-अलग सफल अभियानों में बड़ी राशि जब्त की थी। आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के काली पहाड़ी मोड़ के पास नाका चेकिंग के दौरान एक वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें सवार मोहम्मद तनवीर हक के पास से लगभग 7 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
वहीं, सोमवार की देर शाम रानीगंज पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि बांकुड़ा से रानीगंज आ रही एक बस में अवैध कैश ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने साहिबगंज मोड़ के पास बस को रोककर तलाशी ली, जहाँ रूप अग्रवाल नामक यात्री के कब्जे से 3,72,632 रुपये बरामद किए गए। पुलिस इन सभी मामलों में रुपयों के स्रोत और उनके चुनाव से जुड़े संभावित कनेक्शन की गहन जांच कर रही है।


0 Comments