आसनसोल (राम बाबू यादव) :- आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के कालीपहाड़ी मोड़ पर पुलिस ने नाका चेकिंग के दौरान एक युवक के पास से 7 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान पश्चिम बर्दवान निवासी 30 वर्षीय मोहम्मद तनवीर हक के रूप में हुई है। यहां बता देना जरूरी है कि विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस के तरफ से पश्चिम बंगाल झारखंड बॉर्डर के अलावा प्रत्येक थाना क्षेत्र में नाका चेकिंग की जा रही है। इसके तहत संदिग्ध वाहनों को रोककर पुलिस द्वारा सघन तलाशी ली जा रही है। इसी कड़ी में रविवार को ही जुबली मोड़ के पास झारखंड से आ रही एक बस से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया था। इससे पहले भी डीबुडीह चेकपोस्ट और जुबली मोड़ के पास से भारी मात्रा में कैसे मोबाइल और गांजा बरामद किया जा चुका है।
मिली जानकारी के अनुसार, कालीपहाड़ी मोड़ पर तैनात पुलिस दल नियमित रूप से वाहनों की तलाशी ले रहा था, तभी एक संदिग्ध वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान मोहम्मद तनवीर हक के पास से 7,00,000/- (सात लाख) रुपये नकद पाए गए। जब पुलिस ने उक्त राशि से संबंधित वैध दस्तावेज और स्रोत के बारे में पूछताछ की, तो वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नकदी को जब्त कर लिया।
इस पूरे मामले के संदर्भ में आसनसोल दक्षिण थाने में जनरल डायरी (जीडी) प्रविष्टि संख्या 336, दिनांक 06.04.26 दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस राशि के स्रोत और इसके गंतव्य का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में इस तरह की कड़ी निगरानी जारी रहेगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर अंकुश लगाया जा सके।

0 Comments