Asansol के बाराबनी में Abhishek Banerjee की सभा, BJP पर बोला तीखा हमला

आसनसोल :- पश्चिम बर्दवान जिले की 9 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बाराबनी के पानुडिया अस्पताल मैदान में एक विशाल चुनावी सभा को संबोधित किया। यह सभा बाराबनी से तृणमूल प्रत्याशी विधान उपाध्याय के समर्थन में आयोजित की गई थी, जिसमें आसनसोल उत्तर से मलय घटक, पांडेश्वर से नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती और रानीगंज से कालो वरण मंडल समेत जिले के अन्य प्रमुख प्रत्याशी भी मंच पर उपस्थित रहे।


अपने संबोधन में अभिषेक बनर्जी ने विधान उपाध्याय की कार्यशैली की जमकर सराहना की और भरोसा जताया कि वे जीत की हैट्रिक लगाने के बाद चौथी बार भी जीत हासिल करेंगे। वहीं दूसरी ओर, उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अरिजीत राय पर तीखा हमला बोला। बाराबनी में हाल ही में हुई राजनीतिक घटनाओं का जिक्र करते हुए बनर्जी ने भाजपा पर क्षेत्र की शांति भंग करने का आरोप लगाया। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे विकास के पक्ष में मतदान करें और बाहरी ताकतों को करारा जवाब दें। चुनाव के इस अंतिम चरण में अभिषेक बनर्जी की इस जनसभा ने तृणमूल कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है।

Post a Comment

0 Comments