Asansol में श्रद्धा के साथ मनाया गया गुड फ्राइडे, चर्च में उमड़ी भीड़


आसनसोल :- आसनसोल के बस स्टैंड स्थित ऐतिहासिक सेक्रेड हार्ट चर्च में शुक्रवार को मसीही समुदाय द्वारा पवित्र दिन 'गुड फ्राइडे' अत्यंत श्रद्धा और सादगी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समुदाय के लोगों ने एक विशाल रैली निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवा शामिल हुए। रैली के दौरान भक्त ईसा मसीह के बलिदान को याद करते हुए और प्रार्थना करते हुए चर्च पहुंचे। यहाँ आयोजित विशेष धार्मिक अनुष्ठान के दौरान चर्च के पादरी ने पवित्र बाइबिल के अंश पढ़े और विशेष प्रार्थना (मिस सा) संपन्न की। पादरी ने ईसा मसीह के बताए प्रेम और क्षमा के मार्ग पर चलने का संदेश देते हुए समस्त मानवता के कल्याण और विश्व शांति की कामना की।



गुड फ्राइडे ईसाई धर्म के अनुयायियों के लिए गहरे आत्मचिंतन और शोक का दिन है। मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन प्रभु ईसा मसीह ने मानवता को पापों से मुक्ति दिलाने और सत्य की राह दिखाने के लिए सूली (क्रॉस) पर चढ़कर अपने प्राणों का त्याग किया था। जिस समय उन्हें सूली पर चढ़ाया गया, उन्होंने अपने शत्रुओं को भी क्षमा कर दिया था। उनके इसी सर्वोच्च बलिदान को याद करने के लिए मसीही समुदाय इस दिन को उपवास और प्रार्थना के रूप में मनाता है। चूँकि ईसा मसीह ने अपनी मृत्यु से पूरी दुनिया का भला किया, इसलिए इस दिन को 'गुड' यानी पवित्र शुक्रवार कहा जाता है। आसनसोल के इस आयोजन में लोगों ने मौन रहकर और प्रभु के कष्टों को याद करते हुए उनके प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट की।

Post a Comment

0 Comments