रानीगंज :- भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सामाजिक संस्था 'ग्रीन क्लब ऑफ रानीगंज' ने जनसेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। संस्था की ओर से गुरुवार को रानीगंज के तारबंगला मोड़ स्थित शिव मंदिर परिसर में भक्तों, स्कूली छात्रों और राहगीरों की सुविधा के लिए एक ड्रिंकिंग वॉटर कूलिंग मशीन स्थापित की गई। इस कूलिंग मशीन का दान राधेश्याम सराफ मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में ट्रस्टी प्रदीप कुमार सराफ द्वारा किया गया है। मंदिर जैसे सार्वजनिक स्थान पर शीतल जल की व्यवस्था होने से स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है।
इस अवसर पर राधेश्याम सराफ मेमोरियल ट्रस्ट के ट्रस्टी प्रदीप कुमार सराफ ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दिवंगत पिता राधेश्याम सराफ की स्मृति में समाज के लिए कुछ करना उनके परिवार के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान और चिलचिलाती धूप में राहगीरों और विशेषकर बच्चों के लिए शुद्ध और शीतल पेयजल उपलब्ध कराना एक अत्यंत पुण्य का कार्य है और उनका ट्रस्ट भविष्य में भी इस तरह के जनहित के कार्यों में ग्रीन क्लब का सहयोग करता रहेगा। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए ग्रीन क्लब के सदस्यों और मंदिर कमेटी के प्रति आभार भी व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने ग्रीन क्लब और सराफ परिवार की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि व्यस्त चौराहे पर स्थित इस मंदिर में वाटर कूलर लगने से सैकड़ों लोगों को रोज तपती गर्मी में बड़ी राहत मिलेगी।




0 Comments