जुगल किशोर गुप्ता ने संभाली रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स की कमान, नई कार्यकारिणी ने संभाला पदभार


रानीगंज :- शिल्पांचल क्षेत्र की सबसे प्रतिष्ठित और प्रभावशाली व्यापारिक संस्था 'रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स' के नए कार्यकाल 2026-28 के लिए नई कार्यकारिणी समिति का गठन कर लिया गया है। चुनाव प्रक्रिया टलने के बाद चैंबर की परंपरा को बरकरार रखते हुए इस बार भी सर्वसम्मति से नई टीम का चयन किया गया, जिसने शुक्रवार शाम आयोजित समारोह में पदभार ग्रहण किया। नई कार्यकारिणी में जुगल किशोर गुप्ता को रानीगंज चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि मनोज केसरी को कार्यकारी अध्यक्ष, शरद कनोड़िया को सचिव और रोहित खेतान को चेयरमैन के रूप में मनोनीत किया गया है। संस्था के कार्यों में समन्वय बनाए रखने के लिए प्रदीप बाजोरिया और महेश खेड़िया को चीफ कोऑर्डिनेटर का प्रभार दिया गया है। 31 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति में 19 सदस्यों को निर्विरोध चुना गया है, जबकि प्रदीप सराफ, स्वप्न लोयलका, बलराम राय, ललित झुनझुनवाला, मुकेश दारूका और अंकित सराफ को को-ऑप्ट सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इसके अलावा, रानीगंज चेम्बर ऑफ कॉमर्स की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए पूर्व अध्यक्ष और सचिव को एक्स-ओफ्फिसियो के रूप में कार्यकारिणी में स्थान दिया गया है। फोस्बेक्की के पूर्व अध्यक्ष व व्यवसायी नेता राजेंद्र प्रसाद खेतान ने नई कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को शपथ दिलाई।  

पदभार ग्रहण करने के पश्चात रानीगंज चेम्बर ऑफ कॉमर्स के नवनियुक्त अध्यक्ष जुगल किशोर गुप्ता ने व्यापारियों के हितों और रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स की गौरवशाली भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रानीगंज चैंबर केवल एक संगठन नहीं, बल्कि इस क्षेत्र के छोटे-बड़े हर व्यापारी की आवाज है और उनकी प्राथमिकता इस आवाज को और अधिक बुलंद करना है। गुप्ता ने अपने विजन को स्पष्ट करते हुए कहा कि वर्तमान आर्थिक परिवेश में व्यापारियों के सामने कई जटिल चुनौतियां हैं। ऐसे में रानीगंज चेम्बर ऑफ कॉमर्स प्रशासन और व्यापारियों के बीच एक मजबूत पुल की तरह काम करेगा ताकि किसी भी व्यवसायी को परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने रानीगंज के औद्योगिक और व्यापारिक विकास पर जोर देते हुए आगे कहा कि रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स का मुख्य उद्देश्य इस क्षेत्र को व्यापार के लिए अधिक सुगम बनाना है। व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए वे हर स्तर पर प्रयास करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि चैंबर की गरिमा सदैव अक्षुण्ण रहे। उन्होंने पूरी कार्यकारिणी की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि सर्वसम्मति से हुआ यह चयन साबित करता है कि रानीगंज का व्यापारी समाज संगठित है और यही संगठन उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

Post a Comment

0 Comments