रानीगंज में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से कचौड़ी विक्रेता की मौत

रानीगंज :- रानीगंज थाना क्षेत्र के गिरजा पाड़ा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-60 पर रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 56 वर्षीय बुजुर्ग शंभू राउत की जान चली गई। मृतक रानीगंज के कॉलेज पाड़ा के निवासी थे। शंभू राउत बर्न्स प्लॉट के पास अपनी दुकान चलाते थे और स्थानीय स्तर पर 'कचौड़ी वाला' के नाम से काफी प्रसिद्ध थे। घटना उस समय हुई जब वे गिरजा पाड़ा के पास सड़क पार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें टक्कर की भयावहता साफ देखी जा सकती है।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शंभू राउत गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है, जो मंगलपुर से बल्लभपुर की ओर जा रहा था। उसे भी उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को आधार बनाकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों और निवासियों में शोक की लहर दौड़ गई है।

Post a Comment

0 Comments