रानीगंज :- मानवता और सेवा के संकल्प के साथ निरंतर कार्यरत सामाजिक संस्था 'हमजोली' ने मंगलवार को एक सराहनीय पहल करते हुए रानीगंज ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (BPHC) को वाटर कूलर मशीन प्रदान की। इस नई मशीन का विधिवत उद्घाटन संस्था की वरिष्ठ सदस्या कल्पना खेतान ने किया। इस अवसर पर रानीगंज ब्लॉक के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने संस्था के इस योगदान की सराहना की। संस्था की सदस्यों ने स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण किया।
उद्घाटन के दौरान कल्पना खेतान ने संस्था के सफर पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष 2004 में शुरू हुई 'हमजोली' संस्था आज 2026 में भी सेवा के अपने मार्ग पर अडिग है। उन्होंने कहा कि संस्था से जुड़ी सभी महिलाओं के सहयोग और समर्पण के कारण ही ऐसे सामाजिक कार्य संभव हो पा रहे हैं। संस्था द्वारा प्रति सप्ताह सत्संग का आयोजन तो किया ही जाता है, साथ ही सामाजिक सरोकारों से भी गहरा जुड़ाव रखा जाता है। अस्पताल में वाटर कूलर लगाने का मुख्य उद्देश्य यहाँ आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भीषण गर्मी में पीने का शुद्ध और शीतल जल उपलब्ध कराना है।
ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमेशा से प्राथमिकता रही है और सामाजिक संस्थाओं का ऐसा सहयोग बेहद प्रेरणादायक है। इस पुनीत कार्य के अवसर पर सुनीता लोयलका, विमला खेमका, पुष्पा झुनझुनवाला, उर्मिला झुनझुनवाला, निर्मला कयाल, दुर्गेश खेरवाल, तारा चौधरी, शोभा गनेरीवाल, अनीता गनेरीवाल, लता गनेरीवाल, रेनू गनेरीवाल और कला डालमिया सहित संस्था की अन्य सदस्याएं उपस्थित थीं।

0 Comments