जलापूर्ति बहाल करने की मांग पर प्रदर्शन, पार्षद ने कोलियरी एजेंट को सौंपा ज्ञापन

आसनसोल :- गर्मी की शुरुआत के साथ ही आसनसोल नगर निगम के 38 नंबर वार्ड में पेयजल की किल्लत गहराने लगी है। इस समस्या के समाधान के लिए स्थानीय पार्षद मीना कुमारी हांसदा के नेतृत्व में शुक्रवार को काली पहाड़ी कोलियरी एजेंट को एक ज्ञापन सौंपा गया। पार्षद ने बताया कि इस क्षेत्र में लंबे समय से कोलियरी प्रबंधन द्वारा पानी की आपूर्ति की जाती थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से पंप खराब होने के कारण यह सेवा पूरी तरह ठप पड़ी है। जलापूर्ति बंद होने से स्थानीय निवासियों को भीषण गर्मी में भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।

पार्षद मीना कुमारी हांसदा ने स्पष्ट किया कि हालांकि नगर निगम की ओर से पानी की सप्लाई दी जाती है, लेकिन वह क्षेत्र की जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं है। कोलियरी से मिलने वाले पानी पर बड़ी आबादी निर्भर है, जिसके बंद होने से संकट बढ़ गया है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि अगले तीन दिनों के भीतर पंपों की मरम्मत कर जलापूर्ति को सुचारु बनाया जाए। चर्चा के बाद कोलियरी एजेंट ने आश्वासन दिया है कि आगामी तीन दिनों के भीतर तकनीकी खामियों को दूर कर पानी की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें राहत मिलेगी।


Post a Comment

0 Comments