दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच सरकारी दूरसंचार कंपनी BSNL (भारतीय संचार निगम लिमिटेड) में बड़े पैमाने पर हुई छंटनी से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। जानकारी के अनुसार, दुर्गापुर सहित राज्य भर के विद्युत विभाग में कार्यरत लगभग 250 अस्थायी श्रमिकों को मौखिक रूप से काम बंद करने का निर्देश दिया गया है।
दुर्गापुर में पिछले 30-35 वर्षों से कार्यरत 25 श्रमिकों ने 1 अप्रैल से ही इस फैसले के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को आक्रोशित श्रमिकों ने दुर्गापुर स्थित BSNL कार्यालय के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी श्रमिकों का कहना है कि एक ओर केंद्र सरकार रोजगार देने के वादे कर रही है, वहीं दूसरी ओर चुनाव के ठीक पहले सालों से काम कर रहे कर्मचारियों को बेरोजगार किया जा रहा है।
इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा सांसद सौमित्र खान ने श्रमिकों का समर्थन करते हुए उन्हें स्थाई पदों पर नियुक्त करने की मांग की है। दूसरी ओर, निवर्तमान मंत्री और दुर्गापुर पूर्व से TMC उम्मीदवार प्रदीप मजुमदार ने भाजपा की इस 'दोहरी नीति' पर कटाक्ष किया है। नौकरी जाने से प्रभावित श्रमिक अब अपने परिवार के भविष्य को लेकर गहरी चिंता में हैं।


0 Comments