Durgapur में NH-19 पर ट्रैफिक पुलिस ने लगाई No Entry, PM की सभा में जा रहे BJP कार्यकर्ता भड़के

दुर्गापुर :- दुर्गापुर में गुरुवार को ट्रैफिक जाम के मुद्दे पर भारी तनाव फैल गया। इंडो-अमेरिकन मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर स्थिति तब बिगड़ गई जब अचानक लगे भीषण जाम के कारण बड़ी संख्या में मालवाहक ट्रक और यात्री बसें फंस गईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बसों का रास्ता मोड़ना पड़ा, लेकिन इस बीच वहां से गुजर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा।

भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि आसनसोल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में लोगों को पहुंचने से रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने जानबूझकर आसनसोल जाने वाली लेन को बाधित किया था। भाजपा समर्थकों ने दावा किया कि यह सब सत्ताधारी दल के इशारे पर किया गया ताकि सभा में भीड़ कम हो। जैसे ही प्रधानमंत्री की रैली में जा रही कार्यकर्ताओं की बसें जाम में फंसी, समर्थकों ने सड़क पर उतरकर ट्रैफिक पुलिस को घेर लिया और जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।



दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। सत्ताधारी दल का कहना है कि भाजपा अपनी संभावित हार को देखते हुए दिशाहीन हो गई है और जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के नाटक कर रही है। लगभग आधे घंटे तक चले इस हंगामे और विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति को शांत कराया गया। इसके बाद इंडो-अमेरिकन मोड़ पर यातायात बहाल हुआ और आसनसोल की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही फिर से सामान्य हो सकी।

Post a Comment

0 Comments