दुर्गापुर :- दुर्गापुर के सिटी सेंटर इलाके में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पंडित रघुनाथ मुर्मू सरणी में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की मुख्य पाइपलाइन अचानक फट गई। पाइप फटने से गैस का रिसाव इतनी तेजी से हुआ कि सड़क पर बर्फ जैसी सफेद कणों की परत बिछ गई। इस घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की गैस आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे छुट्टी के दिन सैकड़ों घरों की रसोई में ताला लग गया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, शनिवार रात से ही इलाके में गैस की हल्की गंध आ रही थी, लेकिन सुबह होते-होते स्थिति गंभीर हो गई। पाइपलाइन से भारी मात्रा में गैस निकलते देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंची सिटी सेंटर चौकी की पुलिस और दमकल कर्मियों ने एहतियात के तौर पर सड़क को घेर लिया और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी। गैस कंपनी के अधिकारी और मरम्मत दल भी तत्काल मौके पर पहुंचे और रिसाव रोकने का काम शुरू किया।
इस तकनीकी खराबी का सबसे बड़ा असर स्थानीय गृहणियों और निवासियों पर पड़ा। चूंकि केंद्र सरकार की योजना के तहत एलपीजी (LPG) पर निर्भरता कम करने के लिए इस इलाके के अधिकांश घरों में पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं और नियमों के मुताबिक लोगों ने अपने पुराने सिलेंडर सरेंडर कर दिए हैं, ऐसे में वैकल्पिक व्यवस्था न होने से लोग चाय और नाश्ते के लिए भी परेशान दिखे। स्थानीय निवासी मनोज सिंह ने बताया कि सुबह चाय तो बन गई, लेकिन उसके बाद अचानक गैस जलना बंद हो गई। हेल्पलाइन पर संपर्क करने पर उन्हें बताया गया कि मरम्मत कार्य के कारण कम से कम तीन घंटे तक आपूर्ति बाधित रहेगी।
मरम्मत कार्य में जुटे कर्मी फिरोज खान ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि किसी केबल बिछाने या मिट्टी खोदने के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह नेचुरल गैस है, इसलिए घबराने या बड़े खतरे जैसी कोई बात नहीं है। गैस कंपनी के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति को जल्द ही सामान्य कर लिया जाएगा, हालांकि तब तक सिटी सेंटर इलाके के निवासियों को बिना रसोई गैस के ही इंतजार करना होगा। इस घटना ने एक बार फिर भूमिगत पाइपलाइनों की सुरक्षा और अन्य खुदाई कार्यों के दौरान बरती जाने वाली सावधानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



0 Comments