Durgapur में TMC उम्मीदवार कवि दत्त ने जारी किया चुनावी घोषणापत्र, रोजगार और विकास पर दिया जोर

दुर्गापुर :- दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार कवि दत्त ने अपना आधिकारिक घोषणापत्र जारी कर दिया है। इस घोषणापत्र में मुख्य रूप से रोजगार सृजन, बुनियादी ढांचे के विकास और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार पर विशेष ध्यान दिया गया है। राजनीति के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े रहे कवि दत्त का दावा है कि उन्होंने दुर्गापुर की सबसे बड़ी समस्या के रूप में बेरोजगारी को पहचाना है और इसके समाधान के लिए वह नए उद्योगों की स्थापना व स्थानीय युवाओं को अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 

अपने विजन को धरातल पर उतारने के लिए उन्होंने ‘कर्मभूमि’ नामक एक डिजिटल पोर्टल शुरू करने की घोषणा की है, जो युवाओं को रोजगार से जोड़ने में मदद करेगा। इसके अलावा, घोषणापत्र में छोटे व्यापारियों और असंगठित क्षेत्र के हॉकरों के पुनर्वास का वादा भी शामिल किया गया है। कवि दत्त ने पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति और जल निकासी व्यवस्था (ड्रेनेज सिस्टम) को बेहतर बनाने के मुद्दों को भी अपनी प्राथमिकताओं में रखा है, ताकि दुर्गापुर के नागरिकों के जीवन स्तर को और बेहतर बनाया जा सके।

Post a Comment

0 Comments