कुल्टी :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के शोर के बीच कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के नियामतपुर (वार्ड 60) में वामदलों को बड़ा झटका लगा। यहाँ SFI और DYFI छोड़कर 15 युवकों ने TMC का दामन थाम लिया। तृणमूल प्रत्याशी अभिजीत घटक ने सभी को पार्टी का झंडा थमाकर स्वागत किया। TMC में शामिल हुए अनिकेत मंडल ने पूर्व संगठन पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने आरोप लगाया कि SFI में 'भाई-भतीजावाद' चरम पर है, जिसके कारण उन्हें काम करने से रोका गया। अनिकेत ने कहा कि मैं सक्रिय राजनीति से दूर नहीं रह सकता था। ममता बनर्जी द्वारा किए गए बंगाल के विकास कार्यों से प्रभावित होकर मैंने TMC में शामिल होने का निर्णय लिया है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत घटक ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि युवा ही किसी भी आंदोलन का भविष्य होते हैं। इतने बड़े पैमाने पर युवाओं के जुड़ने से कुल्टी में TMC को ज़मीनी स्तर पर काफी मजबूती मिलेगी। इस फेरबदल से स्थानीय राजनीतिक समीकरणों में वामदलों की पकड़ कमजोर होती दिख रही है।


0 Comments