कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में SIR प्रक्रिया से जुड़ी ड्यूटी पर तैनात जजों को बंधक बनाने और हिंसा भड़काने के मुख्य आरोपी मोफक्केरुल इस्लाम को CID ने गिरफ्तार कर लिया है। चुनाव आयोग के अनुसार, पेशे से वकील मोफक्केरुल शुक्रवार को बागडोगरा हवाई अड्डे से बेंगलुरु भागने की फिराक में था, तभी CID ने उसे धर दबोचा। सुप्रीम कोर्ट के कड़े रुख के बाद आयोग ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। गिरफ्तारी से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक संदेश पोस्ट किया और लाइव वीडियो में दावा किया कि वह केवल उन मतदाताओं के हक में आवाज उठा रहा था जिनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।
इस बीच, मालदा कांड की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की आईजी सोनिया सिंह जांच के लिए कोलकाता पहुंच चुकी हैं। उत्तर बंगाल के एडीजी के. जयरामन ने बताया कि इस हिंसा के संबंध में अब तक 19 मामले दर्ज किए गए हैं और 35 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गौरतलब है कि बुधवार को कालियाचक-2 ब्लॉक कार्यालय में सात जजों को आक्रोशित भीड़ ने रात 12 बजे तक बंधक बनाए रखा था, जिन्हें पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला। पुलिस ने आरोपी को मुख्य साजिशकर्ता करार देते हुए कहा है कि उसने ही भीड़ को हिंसा के लिए उकसाया था। फिलहाल आरोपी को मालदा ले जाया जा रहा है।


0 Comments