आसनसोल :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर है। इसी क्रम में गुरुवार को आसनसोल के पोलो ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला। आगामी 23 अप्रैल को पश्चिम बर्दवान जिले की 9 सीटों पर होने वाले मतदान से पहले भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल में अब परिवर्तन की ताजा हवा चल रही है और यह परिवर्तन अब पत्थर की लकीर बन चुका है। उन्होंने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि बंगाल में TMC के पापों का घड़ा भर चुका है और 4 मई के बाद राज्य में 'डबल इंजन' की सरकार बनते ही विकास के एक नए युग का सूत्रपात होगा।
प्रधानमंत्री ने आसनसोल और दुर्गापुर के गौरवशाली अतीत को याद दिलाते हुए कहा कि यह क्षेत्र कभी देश के औद्योगिक विकास का बड़ा केंद्र हुआ करता था, जहाँ साइकिल से लेकर रेल और स्टील से लेकर कांच तक के कारखानों की लंबी श्रृंखला थी। उन्होंने अफसोस जताया कि आज यहाँ के संसाधनों और नौजवानों के अवसरों पर TMC के गुंडों का कब्जा है, जिसके कारण उद्योगों का पलायन हो रहा है और युवाओं को रोजगार के लिए बाहर जाना पड़ रहा है। पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि यह चुनाव सिर्फ सरकार बदलने का नहीं, बल्कि आसनसोल को उसकी पुरानी औद्योगिक शक्ति लौटाने और माफियाराज से मुक्ति दिलाने का चुनाव है।
मालदा की घटना और सुरक्षाबलों के अपमान का जिक्र करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि टीएमसी का 'महाजंगलराज' अब खत्म होने वाला है और कानून का असली राज स्थापित होने से अब कोई रोक नहीं सकता। संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने जनता को भरोसा दिलाया कि भाजपा का मंत्र 'सबका साथ, सबका विकास' है, लेकिन जिन्होंने बंगाल को लूटा है उनके लिए पार्टी का मंत्र 'सबका हिसाब' है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि 23 अप्रैल को उनका एक-एक वोट बंगाल के भविष्य की सुरक्षा की गारंटी बनेगा। पीएम ने हुंकार भरते हुए कहा कि 4 मई के बाद बंगाल में हर गुंडागर्दी का चुन-चुनकर हिसाब लिया जाएगा और अब राज्य में टीएमसी के भय के बजाय भाजपा का भरोसा चलेगा।





0 Comments