कूचबिहार :- पश्चिम बंगाल में दो चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत कर दी है। रविवार को कूचबिहार में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने TMC के घोषणापत्र को लेकर विवाद खड़ा करते हुए कहा कि तुष्टिकरण के खेल में बंगाल की अस्मिता से समझौता किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने आपत्ति जताते हुए कहा कि TMC ने बंगाली भाषा के बजाय अपने घोषणापत्र के लिए 'इश्तेहार' शब्द का इस्तेमाल किया है, जो 1905 के उस 'लाल इश्तेहार' की याद दिलाता है जिसके बाद बंगाल में सांप्रदायिक हिंसा हुई थी। उन्होंने इसे बंगाल की संस्कृति और पहचान को मिटाने की एक गहरी साजिश करार दिया।
इसके साथ ही, प्रधानमंत्री ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मालदा की हालिया घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बना लिया जाए, वहां आम जनता की सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे टीएमसी द्वारा प्रायोजित 'जंगलराज' बताते हुए कहा कि यह सरकार किसी भी संवैधानिक संस्था का सम्मान नहीं करती है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि बंगाल की गरिमा बचाने के लिए अब इस 'अत्याचारी सरकार' को विदाई देने का समय आ गया है।



0 Comments