RPF की बड़ी कार्रवाई, 14 किलो चांदी के गहनों के साथ संदिग्ध गिरफ्तार


आसनसोल :- आसनसोल के बराचक रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को भारी मात्रा में चांदी के गहनों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 14 किलो चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं, जिन्हें वह एक बैग में छिपाकर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवानों को व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसे रोककर पूछताछ शुरू की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी के बयानों में काफी विसंगतियां पाई गईं, जिससे जवानों का संदेह और गहरा गया। जब उसके बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से चांदी के गहनों की बड़ी खेप बरामद हुई। आरोपी इन गहनों से संबंधित कोई भी वैध बिल या दस्तावेज पेश करने में विफल रहा और लगातार टीम को गुमराह करने की कोशिश करता रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे तुरंत कुमारपुर स्थित बराचक आरपीएफ पोस्ट लाया गया। मामले की संवेदनशीलता और भारी मात्रा में कीमती धातु की बरामदगी को देखते हुए आरपीएफ ने तत्काल आयकर विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही आयकर विभाग की टीम आरपीएफ पोस्ट पहुंची और जब्त गहनों की जांच के साथ-साथ आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments