TMC प्रत्याशी प्रदीप मजूमदार पर BJP प्रत्याशी चंद्रशेखर बनर्जी के 'अमर्यादित' बयान से गरमाई सियासत

दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार अभियान के बीच दुर्गापुर पूर्व सीट से भाजपा उम्मीदवार चंद्रशेखर बनर्जी अपने एक विवादित बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। रविवार को दुर्गापुर नगर निगम के वार्ड नंबर 2 स्थित शोभापुर इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने निवर्तमान राज्य मंत्री और टीएमसी उम्मीदवार प्रदीप मजूमदार पर बेहद तीखा और व्यक्तिगत कटाक्ष किया, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।


दरअसल, जब चंद्रशेखर बनर्जी जनसंपर्क के लिए इलाके में पहुंचे, तो स्थानीय महिलाओं ने पानी की किल्लत को लेकर अपना गुस्सा जाहिर किया। महिलाओं का आरोप था कि इलाके में नलों से पानी इतना धीरे आता है कि एक बाल्टी भरने में सुबह से शाम हो जाती है और उन्हें दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है। जनता की इस शिकायत पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रत्याशी ने मर्यादा की सीमा लांघ दी। उन्होंने कहा कि यहाँ विकास का बुरा हाल है और लोग कह रहे हैं कि 'प्रदीप बाबू के कैथेटर से जिस तरह पानी गिरता है, वैसा ही पानी यहाँ के नलों से टपक रहा है।' उन्होंने आगे जोड़ा कि 34 साल वामपंथ और 15 साल तृणमूल के शासन में यहाँ की जनता केवल ठगी गई है।




भाजपा उम्मीदवार के इस अमर्यादित बयान पर पलटवार करते हुए तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप मजूमदार ने सधी हुई प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिसकी जैसी रुचि और संस्कार होते हैं, वह वैसी ही भाषा का प्रयोग करता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वह इतना जानते हैं कि उनके (चंद्रशेखर बनर्जी) कहने से उनका स्वास्थ्य नहीं चलता। इस बयानबाजी के बाद इलाके में चुनावी पारा चढ़ गया है और तृणमूल कांग्रेस इसे भाजपा की ओछी राजनीति करार दे रही है।

Post a Comment

0 Comments