दामोदर नदी में नहाने के दौरान डूबने से 10वीं के 3 छात्रों की मौत

आसनसोल (राम बाबू यादव) :- कुल्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत डिसरगढ़ में दामोदर नदी में नहाने के दौरान डूबने से कक्षा 10 के तीन छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और पीड़ित परिवारों में मातम पसरा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, ये सभी छात्र नियामतपुर के एक निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल के है। सोमवार को आठ छात्र स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। लेकिन स्कूल ना जाकर डिसरगढ़ घाट के पास क्रिकेट खेलने और दामोदर नदी में नहाने चले गए। 



 सभी छात्र डिसरगढ़ स्थित नदी किनारे एक मैदान में चले गए, जहां उन्होंने मिलकर क्रिकेट खेला। क्रिकेट खेलने के बाद थकान मिटाने के लिए तीन छात्र दामोदर नदी में नहाने के लिए उतरे। नदी की गहराई का सही अंदाजा न होने के कारण वे अचानक अपना संतुलन खो बैठे और गहरे पानी में डूबने लगे। साथियों को डूबता देख अन्य छात्रों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग और कुल्टी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से भारी मशक्कत के बाद तीनों छात्रों को पानी से बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत आसनसोल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments