आसनसोल (राम बाबू यादव) :- आसनसोल के हीरापुर थाने की पुलिस द्वारा सैयद इकबाल को कमर में रस्सी बांधकर घुमाए जाने को लेकर पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने धोखाधड़ी और अवैध हथियार रखने के आरोपी सैयद इकबाल को मंगलवार को कमर में रस्सी बांधकर पूरे इलाके में सरेआम घुमाया। इस तरह एक आरोपी को बीच सड़क पर रस्सी से बांधकर ले जाए जाने का दृश्य स्थानीय लोगों के लिए कौतूहल का विषय बन गया और इसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। दरअसल तृणमूल कांग्रेस के शासन में बर्नपुर एवं इसके आसपास के इलाकों में सैयद इकबाल का काफी प्रभाव माना जाता था। लेकिन राज्य में सत्ता परिवर्तन एवं तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनने के बाद अब सैयद इकबाल पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। सैयद इकबाल की शख्सियत काफी चर्चित रही हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सैयद इकबाल के खिलाफ बीते 20 जून को हीरापुर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए हीरापुर पुलिस ने रविवार देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद सोमवार को पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने सैयद इकबाल की जमानत याचिका को खारिज करते हुए उसे 7 दिनों के लिए पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दे दिया। फिलहाल पुलिस रिमांड में लेकर इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
इसी जांच और कार्रवाई के बीच मंगलवार को पुलिस सैयद इकबाल को कमर में रस्सी बांधकर सुभाष पल्ली से लेकर रहमत नगर मोड़ तक पैदल घुमाती हुई नजर आई। इस पूरी घटना में गौर करने वाली बात यह है कि सैयद इकबाल पर जो भी मामले दर्ज हुए हैं, वे अभी अदालत में लंबित हैं।



0 Comments