कोलकाता :- तृणमूल कांग्रेस (TMC) से निष्कासित होने के बाद भी 2026 के विधानसभा चुनाव में दो सीटों से जीत दर्ज करने वाले आम जनता उन्नयन पार्टी के नेता हुमायूं कबीर एक बार फिर अपने बेलगाम बयानों को लेकर विवादों में हैं। विधायक बनने के बाद रेजिनगर के काशीपुर में आयोजित एक जनसभा में उन्होंने सीधे तौर पर सांप्रदायिक उकसावे वाली धमकी दी है।
आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर ने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा कि बीजेपी जीती है और उसने सरकार बनाई है, यह अच्छी बात है। लेकिन मुर्शिदाबाद में हारने के बाद भी कुछ लोग ऐसे अकड़ दिखा रहे हैं जैसे वही विधायक हों। इस अकड़ को कम कीजिए। जब मैं मुसलमानों को इकट्ठा करके पीटना शुरू करूँगा, तो आपको भागने का रास्ता भी नहीं मिलेगा।" उन्होंने केस दर्ज होने की परवाह न करते हुए कहा कि उनके खिलाफ ऐसे कई मामले पहले से ही दर्ज हैं।
हुमायूं ने आगे कहा कि मैंने शुभेंदु अधिकारी से भी कहा है कि मुर्शिदाबाद में अपनी अकड़ कम करें। अगर हमसे ज्यादा पंगा लिया और मेरा माथा गर्म हो गया, तो मैं एसपी या चीफ मिनिस्टर किसी को नहीं समझूँगा। गौरतलब है कि चुनाव से पहले ममता बनर्जी को हराने की साजिश रचने और ऑडियो वायरल होने के आरोपों के बाद टीएमसी ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया था। इसके बाद उन्होंने 'आम जनता विकास पार्टी' बनाकर नौदा और रेजिनगर दोनों सीटों से जीत हासिल की थी। राज्य में सरकार बदलने के बाद भी कबीर के कड़वे बोल और धमकियों का सिलसिला बदस्तूर जारी है।

0 Comments